Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरूआत गुरुवार से

बाल विवाह मुक्त अभियान

नई दिल्ली, 03 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय गुरुवार से 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत के लिए गहन जागरूकता अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। गुरुवार को विज्ञान भवन में इसका शुभारंभ किया जाएगा। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इसका आयोजन किया जा रहा है।

मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में बाल विवाह उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय संकल्प लिया जाएगा। इस अवसर पर देश भर से प्रेरक परिवर्तन की कहानियों और अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं के अनुभव पर आधारित विशेष रूप से निर्मित फिल्म का प्रदर्शन भी होगा। इनके जरिए सामूहिक प्रगति का जश्न मनाया जाएगा और मिशन के अगले चरण के लिए नए संकल्प के साथ जुटने का संकल्प लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 27 नवंबर, 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान शुरू किया था और 27 नवंबर, 2025 को इसका एक वर्ष पूरा हो जाएगा। 100- दिवसीय अभियान तीन-चरणों में चलाया जाएगा जिसका उद्देश्य समुदायों को सक्रिय करना और सतत कार्रवाई को प्रोत्साहित करना है।

27 नवंबर–31 दिसंबर 2025 :

स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां जिनके अंतर्गत वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिताएं, संवादात्मक सत्र और संकल्प समारोह शामिल हैं।

1-31 जनवरी 2026:

बाल अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण पर संदेशों को बढ़ाने के लिए धार्मिक नेताओं, कम्युनिटी इन्फ्लुएंसर और विवाह सेवा प्रदाताओं के साथ कार्य।

1 फरवरी-8 मार्च 2026-

ग्राम पंचायतों और नगरपालिका वार्डों को अपने अधिकार क्षेत्र को बाल-विवाह-मुक्त घोषित करने वाले प्रस्ताव पारित करने के लिए संगठित करना।

—————

(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *