Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

गोरखपुर जोन में 12 घंटे का विशेष सघन अभियान, 217 अभियुक्त गिरफ्तार

एडीजी जोन मुथा अशोक जैन के निर्देश पर वारण्टियों व वांछितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई*
एडीजी जोन मुथा अशोक जैन के निर्देश पर वारण्टियों व वांछितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई*

गोरखपुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के निर्देशन में जोन के समस्त जनपदों में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वारण्टी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई हेतु एक विशेष सघन अभियान चलाया गया। यह अभियान दिनांक 18 दिसम्बर 2025 को सायं 06:00 बजे से प्रारम्भ होकर 19 दिसम्बर 2025 को प्रातः 06:00 बजे तक लगातार 12 घंटे संचालित किया गया।

अभियान के तहत एडीजी जोन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सभी जनपद पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों को शामिल करते हुए वारण्टियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी दबिश दें और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

निर्देशों के अनुपालन में गोरखपुर जोन के सभी जनपदों द्वारा एक साथ सुनियोजित कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने चिन्हित अभियुक्तों के ठिकानों पर दबिश देकर बड़ी संख्या में वारण्टियों एवं वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान जोन के विभिन्न जनपदों से कुल 167 वारण्टी अभियुक्तों तथा 50 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया।

इसके अतिरिक्त सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 170 बीएनएसएस के अंतर्गत भी व्यापक कार्रवाई की गई। इस क्रम में कुल 137 प्रकरणों में 232 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।

अधिकारियों के अनुसार यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और अपराधियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के लिए गोरखपुर जोन में कोई स्थान नहीं है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रिंस पाण्डेय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *