Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

कोरिया: जिले में 120 बोरी अवैध धान जब्त, कई किसानों का अमानक धान रिजेक्ट

धान रिजेक्ट
धान रिजेक्ट
अवैध धान
अवैध धान

अंबिकापुर/कोरिया, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कोरिया जिले में धान खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाने प्रशासन द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कटगोड़ी धान खरीद केंद्र और आसपास के क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कई अनियमितताएँ उजागर हुईं।

बुधवार को सुबह कटगोड़ी धान खरीद केंद्र में हुए औचक निरीक्षण में मानक से नीचे गुणवत्ता का लगभग 40 क्विंटल धान रिजेक्ट किया गया। निरीक्षण के दौरान समिति प्रबंधक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर नोडल अधिकारी को तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र में बारदाना एवं ढकने हेतु पॉलीथिन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिली।

निरीक्षण टीम ने फर्म रुद्र कुमार, मेन रोड कटगोड़ी के गोदाम से अवैध रूप से भंडारित 75 बोरी (30 क्विंटल) धान जब्त कर प्रकरण दर्ज किया। ग्राम मुरमा में किसान विशुन के यहाँ से 45 बोरी धान अवैध रूप से भंडारण पाए जाने पर जब्‍त किया गया।

झरना पारा धान उपार्जन केंद्र के नोडल अधिकारी कमलेश देवांगन द्वारा खरीद केन्द्र का आज सुबह औचक निरीक्षण किया, जिसमें किसान नीलकंठ पिता देवनंदन, ग्राम जटासेमर का 24 बोरी धान अमानक पाए जाने पर रिजेक्ट कर वापस लौटा दिया गया।

इसी तरह पोंडी में दो किसानों का 71 बोरी अमानक धान रिजेक्ट किया गया। बचरा पोड़ी धान उपार्जन केंद्र में बृजमोहन जायसवाल पिता बलराम, ग्राम पोंडी का 65 बोरी तथा भईया लाल राजवाड़े, ग्राम सांवला का 6 बोरी अमानक धान मिलने पर नोडल अधिकारी ए. टोप्पो द्वारा रिजेक्ट कर वापस किया गया।

अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि असली किसानों को न्याय मिले और कोचियों बिचौलियों पर सख्ती बनी रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *