जुबीन गर्ग मौत मामले के आरोपित श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ शर्मा को 14 दिन की एसआईटी हिरासत

गुवाहाटी, 01 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । सिंगापुर में जुबिन गर्ग की मौत के मामले में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल (एनईआईएफ) महोत्सव के मुख्य आयोजक श्यामकानु महंत और गायक के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा को कामरूप के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 14 दिन के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) की हिरासत में भेज दिया है।
इससे पहले असम के महान गायक ज़ुबीन गर्ग की मौत के मामले में आरोपित श्यामकानु महंत और जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार की सुबह गुवाहाटी हवाई अड्डे से सीधे गुवाहाटी स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आवास पर ले जाया गया। दोनों को गुवाहाटी के गीतानगर अल्पना अपार्टमेंट स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवास पर औपचारिक रूप से पेश किया गया और फिर सुनवाई के बाद मजिस्ट्रेट ने दोनों को एसआईटी की हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
पुलिस के अनुसार सिंगापुर से दिल्ली लौटते ही आयोजक श्यामकानु महंत और ज़ुबीन के प्रबंधक शर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। दोनों को गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा गया। हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान तैनात थे। दोनों की गिरफ्तारी और सीजेएम के समक्ष उनकी पेशी असम में उनके खिलाफ पहला कानूनी कदम है।
उल्लेखनीय है कि श्यामकानु महंत द्वारा सिंगापुर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जुबीन गर्ग गये थे। जहां पर बीते 19 सितंबर को समुद्र में डूबने से उनकी मौत हो गयी। इस घटना से समूचे राज्य में भारी शोक की लहर दौड़ गयी। सरकार ने मामले की जांच सीआईडी को सौंपी थी, बाद में इसकी जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है।————
(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय



