Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

एनएसआईसी मंडी से 15 को मिली वर्धमान कंपनी में नौकरी

एनएसआईसी के ट्रेनिंग सेंटर, मंडी में युवाओं के लिए प्लेसमेंट कैंप ।

मंडी, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत सरकार के उपक्रम राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड एनएसआईसी के ट्रेनिंग सेंटर, मंडी में युवाओं के लिए प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। एनएसआईसी ट्रेनिंग सेंटर मंडी के प्रमुख लोकेश भाटिया ने बताया कि इस प्लेसमेंट कैंप में देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह वर्धमान ग्रुप की इकाई वीएमटी स्पिनिंग कंपनी लिमिटेड बद्दी ने मशीन ऑपरेटर के पदों के लिए छात्रों के साक्षात्कार लिए और 15 छात्रों को नौकरी का अवसर प्रदान किया।

उन्होंने बताया कि प्लेसमेंट कैंप में फैशन डिजाइनिंग, टेलरिंग एवं संबंधित तकनीकी ट्रेड्स से प्रशिक्षण प्राप्त लगभग 70 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। रोजगार के इस अवसर को लेकर युवाओं में उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही एनएसआईसी परिसर में अभ्यर्थियों की उपस्थिति रही। वीएमटी स्पिनिंग कंपनी की मानव संसाधन प्रमुख हेमा ठाकुर की टीम ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं की भर्ती डायरेक्ट रोल पर की जाएगी, जिससे उन्हें स्थायी रोजगार के साथ ही भविष्य भी सुरक्षित होगा। कंपनी की ओर से उन्हें 14,368 रु मासिक वेतन के साथ पीएफ, ईएसआई, वार्षिक बोनस, ग्रेच्युटी, सवैतनिक छुट्टियाँ एवं दुर्घटना बीमा, रहने की सुविधा का ऑफर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें वार्षिक वेतन वृद्धि एवं पदोन्नति के अवसर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। कंपनी प्रतिनिधियों ने एनएसआईसी में दिए जा रहे प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि यहां से प्रशिक्षित युवा तकनीकी रूप से दक्ष होते हैं और कंपनी के कार्य वातावरण में जल्दी ढल जाते हैं।

लोकेश भाटिया ने बताया कि एनएसआईसी ट्रेनिंग सेंटर मंडी भविष्य में भी इसी प्रकार के प्लेसमेंट कैंप आयोजित करेगा, जिससे क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *