Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

यूपी के सीतापुर जिले के 173 आरोग्य मंदिरों का होगा कायाकल्प

फाइल फोटो

सीतापुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के ग्रामीण अंचलों में बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सभी 173 आरोग्य मंदिरों/आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का नवीनीकरण कराया जा रहा है। इस योजना के तहत स्वास्थ्य केन्द्रों के ढांचे को सुदृढ़ कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों को बेहतर उपचार मिल सके।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर0 ने मंगलवार को बताया कि नवीनीकरण कार्य में विकास खण्ड एलिया के 7, बेहटा 4, बिसवां 6, गोंदलामऊ 13, हरगांव 4, कसमण्डा 1, खैराबाद 17, लहरपुर 8, मछरेहटा 8, महमूदाबाद 6, महोली 15, मिश्रिख 9, पहला 24, परसेण्डी 14, पिसावां 14, रामपुरमथुरा 4, रेउसा 3, सकरन 5 तथा सिधौली 11 आरोग्य मंदिर सम्मिलित हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि आरोग्य मंदिरों का नवीनीकरण केवल भवन सुधार का कार्य नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में बड़ा कदम है। नवीनीकरण कार्यों के अंतर्गत भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई, शौचालयों का दुरुस्तीकरण, परिसर एवं चहारदीवारी का निर्माण, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने जैसे कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य केन्द्रों एवं उनके परिसरों की स्वच्छता व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन कार्यों से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आने वाले मरीजों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा ग्रामीणों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *