बेंगलुरु, 15 अगस्त (Udaipur Kiran). बेंगलुरु के अदुगोडी थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक घर में हुए भीषण विस्फोट से एक 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए संजय गांधी और विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय महिला सरसम्मा की हालत नाजुक बनी हुई है. इस धमाके की वजह से आसपास के 13 मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए.

श्रीराम कॉलोनी, चिन्नय्यानपाल्या स्थित घर में शुक्रवार सुबह हुए इस विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार ने बताया कि विस्फोट की तीव्रता काफी अधिक थी, जिससे 13 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं. घायलों का इलाज शहर के पांच अस्पतालों में किया जा रहा है. विस्फोट की असली वजह का पता लगाने के लिए पुलिस गहन जांच कर रही है. पूरी जानकारी जांच के बाद ही साझा की जाएगी.
Chief Minister सिद्धारमैया ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवारों को राहत देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि मृतक बच्चे के परिवार को 5 लाख रुपये का मुआवजा, सभी घायलों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा और मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा. राज्य सरकार क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत का पूरा खर्च भी वहन करेगी.