दिल्ली: हुमायूं के मकबरे के पास दरगाह परिसर में छत ढहने से पांच लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर

New Delhi, 15 अगस्त (Udaipur Kiran). दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में हुमायूं के मकबरे के पास स्थित दरगाह शरीफ पट्टे शाह के परिसर में शुक्रवार दोपहर अचानक एक कमरे की छत ढहने से दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है.

humayuns tomb roof collapse

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि हादसे में 11 घायल हुए, जिनमें से नौ को एम्स ट्रॉमा सेंटर, एक को एलएनजेपी और एक को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने एम्स ट्रॉमा सेंटर में पहुंचे नौ घायलों में से पांच (दो पुरुष और तीन महिलाएं) को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में 79 और 35 वर्ष के पुरुष, तथा 42, 40 और 40 वर्ष की महिलाएं शामिल हैं. एलएनजेपी में भर्ती घायल की हालत गंभीर है, जबकि अन्य की हालत स्थिर बताई जा रही है.

पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 3:45 बजे हुआ. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ और अग्निशमन दल ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया. मौके पर राहत कार्य लगातार जारी रहा.

आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार हो रही बारिश और जलभराव के चलते छत ढही है. उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि पिछले तीन महीनों में इस तरह की घटनाओं में 30 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है. प्रशासन और सरकार को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए.

Leave a Comment