जयपुर, 15 अगस्त (Udaipur Kiran). राजधानी के रामनगरिया थाना क्षेत्र में एक फर्जी पुलिसकर्मी ने खुद को पुलिस हेड कांस्टेबल बताकर एक कॉलेज प्रोफेसर को चार्जशीट में नाम जोड़ने की धमकी देकर 25,000 रुपये की ठगी कर ली. पीड़ित प्रोफेसर ने थाने में मामला दर्ज कराया है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है.

पुलिस के अनुसार, पीड़ित प्राइवेट कॉलेज के प्रोफेसर को हाल ही में एक अनजान व्यक्ति ने फोन किया और खुद को गांधी नगर थाने का हेड कांस्टेबल दाताराम बताया. आरोपी ने कहा कि किसी सुनील नाम के शख्स को पुलिस ने पकड़ा है और उसकी कॉल डिटेल्स में प्रोफेसर का नंबर भी आ रहा है, जिससे उनका नाम चार्जशीट में डाला जा रहा है. आरोपी ने धमकाया कि तुरंत थाने आ जाएं वरना पुलिस उन्हें लेने घर आ जाएगी और उनकी बदनामी होगी.
इसके बाद व्हाट्सऐप कॉल पर आरोपी ने नाम हटाने के एवज में 25,000 रुपये की मांग की. डर के कारण पीड़ित ने 15,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए और शेष 10,000 रुपये अगले दिन गांधी नगर थाने आकर देने की बात कही. बाद में आरोपी ने कॉलेज गेट नंबर-2 पर बुलाकर अपनी कार में बैठाकर भी 10,000 रुपये ट्रांसफर करवाए. शक होने पर प्रोफेसर ने आरोपी से आईडी मांगी, जो उसने नहीं दी. पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर आरोपी ने 10,000 रुपये वापस लौटा दिए और बाकी 15,000 रुपये कुछ दिनों में लौटाने का वादा किया, लेकिन पैसे नहीं लौटाए.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.