दमदार एक्शन और शानदार अदाकारी से सजी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वॉर 2’ ने बड़े पर्दे पर शानदार शुरुआत की है. लंबे समय से चल रही चर्चा और बेहतरीन प्रमोशन के बाद रिलीज़ हुई इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिश्रित प्रतिक्रियाएं भले ही मिली हों, लेकिन ओपनिंग डे पर इसके Box Office प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि दर्शकों का उत्साह बरकरार है. रिलीज़ के पहले ही दिन सिनेमाघरों में रौनक लौट आई है.

Box Office ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, ‘वॉर 2’ ने पहले दिन लगभग 52.5 करोड़ रुपये की कमाई की. इसमें हिंदी वर्ज़न से करीब 29 करोड़ रुपये, तेलुगु से 23.25 करोड़ रुपये और तमिल वर्ज़न से लगभग 25 लाख रुपये का योगदान रहा. पहले ही दिन फिल्म ने दर्शकों के बीच जबरदस्त पकड़ बना ली है. अब सबकी नजरें वीकेंड के कलेक्शन पर टिकी हैं, जो फिल्म की आगे की सफलता तय करेंगे.
फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है, जिन्होंने एक्शन, रोमांच और ड्रामा का बेहतरीन मिश्रण पेश किया है. निर्माता आदित्य चोपड़ा के नेतृत्व में यह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की छठी फिल्म है, जो फ्रेंचाइज़ी को नए मुकाम पर ले जाती है.
कहानी में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलता है, जो फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण है. वहीं, ऋतिक रोशन और कियारा आडवाणी की केमिस्ट्री ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया है और फिल्म में भावनात्मक संतुलन बनाए रखा है.
गौरतलब है कि ‘वॉर 2’, 2019 में आई ब्लॉकबस्टर ‘वॉर’ का सीक्वल है, जिसने दुनियाभर में 471 करोड़ रुपये की कमाई की थी. नए सितारों और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए एक्शन सीक्वेंस के साथ, ‘वॉर 2’ से उम्मीदें और भी ज्यादा बढ़ गई हैं.