मुंबई, 18 अगस्त (Udaipur Kiran). ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी स्टारर ‘वॉर 2’ स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई. एक्शन और थ्रिल से भरपूर इस फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिली हैं, बावजूद इसके फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी है.

Box Office ट्रैकिंग पोर्टल सैकनिल्क के अनुसार, ‘वॉर 2’ ने रिलीज़ के चौथे दिन यानी sunday को लगभग 31 करोड़ रुपये का कारोबार किया. पहले दिन फिल्म ने 52 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, दूसरे दिन कलेक्शन बढ़कर 57.35 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि तीसरे दिन फिल्म ने 33.25 करोड़ रुपये की कमाई की. इस तरह चार दिनों में ‘वॉर 2’ का भारत में कुल Box Office कलेक्शन 173.60 करोड़ रुपये हो गया है.
‘वॉर 2’ का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है, जबकि निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं. यह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की छठी किस्त है. फिल्म में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के बीच दमदार टकराव, और ऋतिक-कियारा आडवाणी की केमिस्ट्री दर्शकों के लिए खास आकर्षण है. यह फिल्म 2019 की ब्लॉकबस्टर ‘वॉर’ का सीक्वल है, जिसने दुनियाभर में करीब 471 करोड़ रुपये का कारोबार किया था.