मैडॉक फिल्म्स के हॉरर यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘थामा’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है, जिससे दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है. इस फिल्म में आयुष्मान खुराना पहली बार हॉरर-थ्रिलर जॉनर में नजर आएंगे, वहीं उनकी जोड़ी रश्मिका मंदाना के साथ पहली बार बड़े पर्दे पर दिखेगी. दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री इस फिल्म को खास बना रही है. फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और परेश रावल जैसी दमदार अदाकारी भी देखने को मिलेगी.

टीजर की बात करें तो इसमें आयुष्मान खुराना ‘आलोक’ का किरदार निभा रहे हैं, जिसे इंसानियत की आखिरी उम्मीद बताया गया है. रश्मिका ‘ताड़का’ के रूप में पहली रोशनी की किरण हैं, जबकि नवाजुद्दीन ‘यक्षसन’ के रोल में अंधेरे के बादशाह के तौर पर दिखे हैं. परेश रावल ने ‘मिस्टर राम बजाज गोयल’ का किरदार निभाया है, जो हर कॉमेडी में भी ट्रैजेडी खोज लेते हैं. टीजर में आयुष्मान और नवाजुद्दीन के बीच की टक्कर ने रोमांच को दोगुना कर दिया है. वहीं, मलाइका अरोड़ा और तमन्ना भाटिया की झलक भी फिल्म को और खास बना रही है.
‘थामा’ का निर्देशन आदित्य सरपोतदार ने किया है और इसे दिनेश विजान व अमर कौशिक ने प्रोड्यूस किया है. टीजर में हॉरर, सस्पेंस और थ्रिल का शानदार मिश्रण है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता देखी जा रही है. यह फिल्म इस दिवाली सिनेमाघरों में रिलीज होगी और माना जा रहा है कि यह मैडॉक हॉरर यूनिवर्स की सबसे चर्चित कड़ी बन सकती है.