Hero Glamour X लॉन्च के लिए तैयार: जानें 125cc की इस नई बाइक के 5 बड़े अपडेट

Hero MotoCorp आज अपनी नई 125cc बाइक, Hero Glamour X को लॉन्च करने जा रही है, जिससे कंपनी का 125cc सेगमेंट और भी मजबूत होगा. पिछले दो दशकों से Hero की 125cc बाइक्स ने भारतीय बाजार में शानदार सफलता हासिल की है, खासकर उन ग्राहकों के बीच जो बजट, भरोसेमंद माइलेज और आरामदायक राइडिंग की तलाश में रहते हैं.

Hero Glamour X

Glamour सीरीज की विरासत

Glamour नाम Hero के लिए भरोसे, कम्फर्ट और रिफाइंड टेक्नोलॉजी का प्रतीक रहा है. यह बाइक हमेशा उन ग्राहकों की पहली पसंद रही है, जो प्रीमियम सेगमेंट में बिना गए एक भरोसेमंद कम्यूटर चाहते हैं. समय के साथ Xtec जैसे एडवांस वेरिएंट आए, जिसमें स्टाइल अपडेट, डिजिटल इंस्ट्रूमेंटेशन और आधुनिक फीचर्स शामिल हुए. अब ‘Glamour X’ के नाम के साथ, बाइक एक नई छलांग के लिए तैयार है.

Hero Glamour X में क्या नया मिलेगा?

टीजर में Hero ने Glamour X को “India’s most futuristic 125cc” बताया है. इसमें इस सेगमेंट के लिए प्रीमियम माने जाने वाले फीचर्स जैसे फुल-कलर TFT डिस्प्ले, एलईडी टेल लैंप और एलईडी इंडिकेटर दिए जा सकते हैं. डिजिटल सूट में राइडिंग मोड्स (इको, रोड, पावर), ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, नेविगेशन और स्मार्टफोन अलर्ट जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है.

इस सेगमेंट में पहली बार क्रूज़ कंट्रोल जैसे फीचर को पेश किए जाने की उम्मीद है, जो राइट स्विचगियर पर टॉगल से एक्टिवेट होगा. इससे हाईवे राइडिंग और भी आसान हो जाएगी.

डिजाइन में होंगे अहम बदलाव

Glamour X में शार्प स्टाइलिंग, मस्कुलर टैंक श्राउड्स और एंगुलर टेल सेक्शन के साथ X-शेप्ड टेल लैंप मिलने की उम्मीद है. अलॉय व्हील्स में नया डाइनैमिक पैटर्न और एलईडी लाइटिंग बाइक को और आकर्षक बनाएंगे. चेसिस में टेलिस्कोपिक फोर्क, रियर मोनोशॉक और डिस्क ब्रेक्स पहले जैसे ही रहेंगे, लेकिन स्विचगियर और विजुअल्स में नयापन जरूर देखने को मिलेगा.

इंजन और प्रदर्शन

Hero Glamour X में 124.7cc सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड इंजन मिलेगा, जो करीब 10.7bhp पावर और 10.6Nm टॉर्क जेनरेट करेगा. यह 5-स्पीड गियरबॉक्स से लैस होगा. उम्मीद है कि कुछ मैकेनिकल रिफाइनमेंट्स भी मिलेंगे, लेकिन मुख्य परफॉर्मेंस आंकड़े Glamour Xtec के समान ही रहेंगे.

Hero Glamour X: संभावित कीमत

फिलहाल, Glamour Xtec की कीमत ₹90,000 से ₹95,000 (एक्स-शोरूम) के बीच है. नई Glamour X के फीचर्स, TFT, क्रूज़ कंट्रोल, राइडिंग मोड्स को देखते हुए इसकी कीमत ₹1 लाख से ₹1.05 लाख (एक्स-शोरूम) के आसपास रहने की उम्मीद है. यह बाइक Xtreme 125R, Honda SP 125, TVS Raider 125 और Bajaj Pulsar N125 को कड़ी टक्कर देगी.

Leave a Comment