जयपुर, 19 अगस्त (Udaipur Kiran). प्रदेशवासियों को अभी तेज बारिश के लिए कुछ और दिन इंतजार करना पड़ेगा. फिलहाल Rajasthan के अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी है. मंगलवार को राज्य के करीब एक दर्जन स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सिरोही के पिंडवाड़ा में सर्वाधिक 34 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में तेज बारिश की संभावना जताई है.

मंगलवार को जयपुर, सीकर, उदयपुर, जोधपुर, दौसा, बीकानेर, अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, सिरोही, प्रतापगढ़, करौली और नागौर में हल्की बारिश हुई. 40 डिग्री के साथ बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जबकि फलौदी की रात 31.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म रही. Monday को राज्य में सबसे अधिक वर्षा भूंगड़ा (बांसवाड़ा) में 110 मिलीमीटर दर्ज की गई.
आगामी दो दिनों में दक्षिणी Rajasthan के उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में भी कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने अगस्त के अंत में बंगाल की खाड़ी में मानसूनी तंत्र सक्रिय होने से बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं.
जयपुर में मंगलवार को बादलों के बीच छितराई धूप रही, जिससे उमस और गर्मी ने आमजन को परेशान किया. शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई. जयपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27.3 डिग्री रहा.