उदयपुर, (Udaipur Kiran). उदयपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी बारिश देखने को मिली. दोपहर में तेज बारिश के बाद वातावरण में उमस बढ़ गई. पूरा दिन शुष्क बीता, लेकिन रात करीब 8:30 बजे के बाद एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक रुक-रुककर जारी रहा. दिन में उदयपुर शहर में 9 मिमी और वल्लभनगर में 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, बांसवाड़ा के भूँगड़ा में पिछले 24 घंटों में 110 मिमी बारिश दर्ज हुई.

मंगलवार सुबह आसमान में छितराए बादलों के बीच धूप-छांव का सिलसिला चलता रहा. दोपहर करीब 12 बजे काली घटाएं घिरीं और तेज बारिश शुरू हुई. लगभग आधे घंटे रुक-रुककर हुई बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया, जबकि आसपास के इलाकों में नदी-नाले बह निकले. मदार नहर में मदार बड़ा तालाब से पानी की आवक जारी रही, जो फतहसागर तक पहुंच रही है. जल्द ही फतहसागर झील के भी लबालब होने की उम्मीद है.
दोपहर की तेज बारिश के बाद आसमान साफ हो गया और धूप निकल आई, जिससे उमस काफी बढ़ गई. मौसम कार्यालय डबोक के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री दर्ज किया गया. डबोक क्षेत्र में 24 घंटों के दौरान 27.8 मिमी और सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक 7.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक बावलवाड़ा में 3 मिमी, जयसमंद में 10, झाड़ोल में 8, केजड़ में 12, मदार में 2, ऋलभदेव में 3, सलूंबर में 82, स्वरूप सागर में 3, सेमारी में 5, सोम पिकअप वियर में 2, सोमकागदर में 1, उदयपुर शहर में 3 और उदयसागर में 12 मिमी बारिश हुई. सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक गोगुंदा में 2, झाड़ोल में 7, मदार में 5, स्वरूप सागर में 6, उदयपुर सिटी में 9, उदयसागर में 5 और वल्लभनगर में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटों में बांसवाड़ा के भूँगड़ा में 110, माही बांध में 41, प्रतापगढ़ के दलोट में 95, पीपलखूंट में 60, धरियावद में 16, सलूंबर में 82 और झल्लारा में 28 मिमी बारिश दर्ज हुई है.
मदार से फतहसागर और सीसारमा से पिछोला झील में पानी की आवक बनी हुई है. फतहसागर झील का जलस्तर 10 फीट 4 इंच हो गया है. सीसारमा में दो फीट पानी का बहाव बना है, जिससे पिछोला झील में भी आवक जारी है. मदार के दोनों तालाबों पर तेज चादर चलने से फतहसागर में आवक और तेज हो सकती है.