उदयपुर में सनसनीखेज वारदात: मकान मालिक ने किराएदार की चाकू से हत्या, पत्नी गंभीर घायल

उदयपुर, 12 सितंबर (Udaipur Kiran News). उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. मकान मालिक ने अपने किराएदार दंपती पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

Udaipur landlord murder case

सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी मकान मालिक दिनेश बंसल का अपने किराएदार नरपत सिंह (30) निवासी सायरा से बिजली-पानी जैसी छोटी-छोटी बातों पर अक्सर विवाद होता था. शुक्रवार को बिजली बंद करने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि दिनेश बंसल ने चाकू से नरपत सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. सीने में चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी पर भी आरोपी ने चाकू से वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गई.

घटना स्थल मंदिर के पास हुई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दिनेश बंसल को डिटेन कर लिया. जानकारी के अनुसार, आरोपी पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं. कुछ समय पहले वह पिस्टल जैसी वस्तु लेकर कलेक्ट्री में घुस गया था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था. बताया जा रहा है कि उसका सूरजपोल क्षेत्र में बंसल मेडिकल नाम से मेडिकल स्टोर भी है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीन दिन पहले भी मकान मालिक और किराएदार के बीच बिजली बंद करने को लेकर विवाद हुआ था. शुक्रवार शाम जब नरपत ने फिर बिजली बंद करने का कारण पूछा तो दिनेश बंसल भड़क गया और बात इतनी बढ़ गई कि उसने जानलेवा हमला कर दिया. फिलहाल पत्नी का इलाज जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

Leave a Comment