घने कोहरे के कारण ट्रक से टकराई यात्री बस, चार घायल

दुर्घटनाग्रस्त बस

मालदा, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) . घने कोहरे के चलते मंगलवार तड़के एक सड़क हादसा हो गया. चलती ट्रक के पीछे एक निजी यात्री बस तेज रफ्तार में जा भिड़ी. इस दुर्घटना में बस में सवार चार यात्री घायल हो गए. घायल यात्रियों की पहचान सुषांत नायक (53), राजीव घोष (26), सुमन मुखर्जी (26) और हराधन राय (26) के रूप में हुई है. सभी घायल बांकुड़ा जिले के निवासी बताए गए है.

पुलिस और टोल प्लाजा कर्मियों की तत्परता से घायलों को गाजोल स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक निजी यात्री बस मालदा से रायगंज की ओर जा रही थी. राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर मयना इलाके के पास बस के आगे चल रही एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया. घने कोहरे के कारण बस चालक ट्रक को समय रहते नहीं देख सका और बस ट्रक के पीछे जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के वक्त बस में मौजूद यात्री सो रहे थे. दुर्घटना में चार यात्री घायल हो गए. सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को गाजोल स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया.

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी यात्रियों के इलाज की व्यवस्था की गई है. क्षतिग्रस्त बस को थाने लाया गया है. वहीं, दुर्घटना के बाद फरार ट्रक की तलाश में पुलिस ने विभिन्न स्रोतों के आधार पर खोज अभियान शुरू कर दिया है.

(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार

Leave a Comment