40 नवनियुक्त शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र

भागलपुर, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बीपीएससी टीआरई-2 के तहत भागलपुर जिले में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। समीक्षा भवन में आयोजित समारोह के दौरान 40 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह और जिला शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार शर्मा मौजूद रहे। तीनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सभी नए शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति पत्र पाकर नवनियुक्त शिक्षक काफी भावुक नजर आए।
उन्होंने कहा कि दो सालों से जिस पल का वे इंतजार कर रहे थे आज वह इंतजार खत्म हो गया है। कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नए शिक्षकों ने बिहार सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ इंतजार करने पर सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि वे इसी संदेश को अपने विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे अगर आप इंतजार करते हैं और मेहनत जारी रखते हैं तो सफलता निश्चित है।
—————
(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर



