उदयपुर, 21 अगस्त (Udaipur Kiran). सविना पुलिस थाना क्षेत्र में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर और डमी खातेदार बनाकर कृषि भूमि बेचने के मामले में एक महिला सहित 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है.

प्रार्थीया सुमिता सरोज ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसके माता-पिता एस.पी. सरोज और श्रीमती कुसुमलता सरोज की डाकन कोटडा स्थित कृषि भूमि का वर्ष 2019 में फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर मोहम्मद शाहिद के नाम से दर्ज की गई. आरोपियों ने मूल खातेदारों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर डमी खातेदारों के माध्यम से पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाई. इस मामले में शब्बीर खान व मोहम्मद आफताब शेख ने गवाही भी दी थी.
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी आधार कार्ड व दस्तावेज बनवाए. इसके बाद डमी खातेदारों को असली खातेदार बनाकर रजिस्ट्री ऑफिस में पेश किया और पूरी जमीन को फर्जी मुख्तियारनामा आम के आधार पर बेच डाला. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहिद, शब्बीर खान, मोहम्मद एजाज, श्रीमती अनिसा उर्फ नैना और मोहम्मद आफताब शेख उर्फ शाहरूख को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी महिला को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है जबकि बाकी अभियुक्त पुलिस रिमांड पर हैं.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह लंबे समय से इसी तरह से फर्जीवाड़ा कर लोगों की जमीन हड़पने के अपराध में संलिप्त था. पुलिस अब अन्य डमी खातेदारों और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.