नवी मुंबई में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में 6 लोगों को मौत, 13 घायल

मुंबई, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मुंबई से सटे नवी मुंबई शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार तड़के अचानक आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों घटनाओं में आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
फायर ब्रिगेड अधिकारी के अनुसार आज तड़के नवी मुंबई की रहेजा रेजिडेंसी हाउसिंग सोसाइटी में अचानक आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग झुलस गए। मृतकों में छह साल की बच्ची भी है। आग में मरने वालों की पहचान वेदिका सुंदर बालकृष्णन (6), कमला हीरल जैन (84), सुंदर बालकृष्णन (44) और पूजा राजन (39) के रूप में हुई है। यहां लगी आग 10वीं, 11वीं और 12वीं मंजिल तक फैल गई थी, जिसपर फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी कोशिशों के बाद काबू पाया।
इसी तरह नवी मुंबई में मंगलवार को सुबह सेक्टर 36 स्थित अंबे श्रद्धा कोऑपरेटिव सोसाइटी में स्थित एक घर में अचानक आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग झुलस गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने दोनों शवों को घर के बेडरुम से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाशी पुलिस स्टेशन की टीम इस घटना की छानबीन कर रही है। अभी तक इस घटना में मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
—————
(Udaipur Kiran) यादव



