Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

नागपुर में पानी की टंकी गिरने से 6 लोगों की मौत

नागपूर एमआयडीसीत पाण्याची टाकी फुटून तिघांचा मृत्यू

नागपुर, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नागपुर जिले के नए बुटीबोरी एमआईडीसी क्षेत्र में पानी की टंकी गिरने से हुई दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। इस हादसे में 6 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह जानकारी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने दी।

बुटीबोरी एमआईडीसी क्षेत्र में अवादा कंपनी के परियोजना स्थल पर निर्माणाधीन पानी की टंकी शुक्रवार को अचानक गिर गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। इस हादसे में अरविंद कुमार ठाकुर, अशोक कंचन पटेल, अजय राजेश्वर पासवान, सुधांशु कुमार नागेश्वर साहनी, बुलेट कुमार इंद्रजीत सहा और शमीम अंसारी—इन छह लोगों की मौत हो गई। घायलों में बाबूचंद प्रसाद मुन्नर प्रसाद, जाकिर शहनवाज हुसैन, इब्राहिम नईम अंसारी, मयूरी रविंद्र तुरक, विकास कुमार पप्पू सहानी और संतोष दूधनाथ गौतम शामिल हैं। वहीं, प्रकाश बुल्ला साहनी, अनवर अंसारी और मुफ्तार अंसारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, अवादा कंपनी में सौर पैनल निर्माण और उससे संबंधित बुनियादी ढांचे का कार्य चल रहा है। इसी दौरान निर्माणाधीन पानी की टंकी अचानक गिर गई, जिससे जोरदार आवाज हुई। टंकी गिरते ही आसपास धूल और मलबे के गुबार फैल गए, जिससे कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया। इस घटना के बाद पानी की टंकी के निर्माण में उपयोग की गई धातु की चादरों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने बताया कि टंकी की जांच के दौरान ही यह हादसा हुआ। नागपुर ग्रामीण पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

एमआईडीसी क्षेत्र को नागपुर के रामा बांध परियोजना से पानी की आपूर्ति की जाती है। अवादा परियोजना के लिए रामा बांध से पानी लाकर टंकी में भरा गया था, जिसका उपयोग निर्माण कार्य और परियोजना के अगले चरणों के लिए किया जाना था। इस बीच, अवादा कंपनी परिसर की सभी पानी की टंकियों को खाली कर दिया गया है और जांच के बाद उनमें पुनः पानी भरा जाएगा।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा आपदा प्रबंधन दल ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। मशीनों की सहायता से मलबा हटाया गया। फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और अनावश्यक भीड़ से बचने की अपील की है। घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा दल और एंबुलेंस घटनास्थल पर तैनात की गई थीं।

————————-

(Udaipur Kiran) / मनीष कुलकर्णी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *