Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BIHAR

आस्था, साहस और सेहत का संगम: हरिद्वार से देवघर तक 1300 किमी की साइकिल यात्रा ने रचा इतिहास

हरिद्वार में जल लेते हुए
पूर्णिया में स्वागत

पूर्णिया, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड के हरिद्वार से जल उठाकर बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर (झारखंड) में जलार्पण तक की 1300 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा ने स्वास्थ्य, पर्यावरण और आस्था का प्रेरक संदेश दिया। यह ऐतिहासिक अभियान पूर्णिया जिला साइकलिंग एसोसिएशन के सचिव विजय शंकर सिंह के नेतृत्व में 16 से 23 दिसंबर तक सम्पन्न हुआ, जिसमें जहानाबाद निवासी वरिष्ठ साइकिलिस्ट राकेश कुमार पवन तथा बनारस से जुड़े निश्चित जी भी शामिल रहे।

इस चुनौतीपूर्ण यात्रा में क्रू मेंबर अविनाश मिश्रा भी साथ रहे, जो पैदल और साइकिल से 12 ज्योतिर्लिंग तथा चारों धाम की यात्राएं कर चुके हैं। आठ दिनों में यात्रियों ने हरिद्वार से मुरादाबाद, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर, बनारस, आरा और शेखपुरा होते हुए देवघर तक का सफर तय किया, जहां मार्ग में श्री राम सेवा संघ और साइकलिंग एसोसिएशन के सदस्यों ने उनका उत्साहवर्धन किया। पूर्णिया आगमन पर यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।

साइकलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन सिंह, संरक्षक एवं प्रेस क्लब पूर्णिया के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह सहित वरिष्ठ सदस्यों और परिजनों ने माला पहनाकर सम्मान किया। इस मौके पर अध्यक्ष नवीन सिंह, क्रू मेंबर अविनाश मिश्रा तथा वरिष्ठ सदस्य शशांक शेखर सिंह और गुड्डू सिंह ने इसे संगठन के लिए गर्व का क्षण बताया।

उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित प्रयास समाज को स्वास्थ्य, साइकिलिंग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हैं। यात्रियों ने “स्वस्थ भारत–मस्त भारत” का संदेश देते हुए साइकिलिंग, मॉर्निंग वॉक और नियमित व्यायाम को अपनाने तथा प्रकृति संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

—————

(Udaipur Kiran) / नंदकिशोर सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *