Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BIHAR

परीक्षा देने जा रही छात्रा को ट्रक ने कुचला,मौके पर ही हुई मौत

दुर्घटना कारित करने वाला ट्रक

पूर्वी चंपारण, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा–रक्सौल मुख्य मार्ग पर लाल परसा चौक के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान सुगौली थाना क्षेत्र के सिकरहना घाट बेलवतिया वार्ड 7 निवासी स्वर्गीय मुकेश साह की पुत्री अंजू कुमारी के रूप में हुई है। वह बड़हरवा मध्य विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंजू कुमारी गुरुवार को विद्यालय में परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान सुगौली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक ट्रक ने पीछे से उसे जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे सुगौली थाना के एसआई अभिनव राज ने घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी जब्त कर मोतिहारी भेजा गया है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतका के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और फरार ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / आनंद कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *