Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

नमकीन के गोदाम में लगी भीषण आग, 55 लाख का नुकसान

आग लगने के बाद धुआ

बांदा, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में बबेरू कस्बे के मरका तिराहा के पास स्थित मोरानो नमकीन एजेंसी गोदाम में बुधवार सुबह अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा गोदाम और आसपास के मकान इसकी चपेट में आ गए। करीब 50 से 55 लाख रुपये की नगदी और सामग्री जलकर खाक हो गई।

आज सुबह करीब 8.15 बजे मरका रोड निवासी रमन गुप्ता पुत्र सुरेंद्र गुप्ता के गोदाम में आग लग गई। गोदाम में मोरानो नमकीन कृष्णा एजेंसी सहित 10 एजेंसियों का माल भरा हुआ था। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आग इतनी तेज थी कि एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी से उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। बाद में दूसरी फायर ब्रिगेड मंगवाकर ग्रामीणों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने में बड़ी भूमिका निभाई।

इस अग्निकांड में गोदाम के साथ-साथ एक होंडा मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा भी जलकर राख हो गए। बगल में स्थित बबलू और लाल बाबू के मकान भी आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की सूचना पर सीओ सौरभ सिंह, कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत समेत पूरे सर्किल का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वहीं विधायक विश्वंभर सिंह यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद गुप्ता, पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल और व्यापारी नेता के. के. महंत ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *