Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BIHAR

प्रसिद्ध अम्बिका भवानी मंदिर के पास लगी भीषण आग

आग
आग
आग

सारण, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र के आमी स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ अम्बिका भवानी मंदिर परिसर का दक्षिणी हिस्सा सुबह तीन से चार बजे भीषण आग की लपटों की चपेट में आ गया। मंदिर के दक्षिणी भाग में स्थित खिलौना मार्केट की दर्जनों दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गई हैं। इस घटना में दुकानदारों की लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है।

आमी मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव प्रतिनिधि रितेश तिवारी के अनुसार आग अचानक कब लगा इसका कोई अंदाज नहीं। चूंकि घटना रात के समय हुई है, इसलिए शुरुआत में किसी को इसकी भनक नहीं लगी।

बुधवार अहले सुबह जब स्थानीय लोगों ने दुकानों से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठते देखा, तो पूरे इलाके में अफरा- तफरी मच गई। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर पानी और बालू डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की और अग्निशमन विभाग को सूचित किया।

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दर्जन भर से अधिक दुकानें जलकर राख के ढेर में तब्दील हो चुकी थीं।

पुजारी जितेन्द्र तिवारी उर्फ भीखम बाबा का कहना है कि आग इतनी भयावह थी कि दुकानों में रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। खिलौने, सजावटी सामान और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के कारणों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। दुकानदारों में गहरा शोक और दहशत व्याप्त है। प्रभावित दुकानदारों ने स्थानीय विधायक विनय कुमार सिंह एवं सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *