Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

नियम पालन से ही घटेंगी दुर्घटनाएं : दयाशंकर सिंह

मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक को सम्बोधित करते परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह

मीरजापुर, 30 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । आयुक्त सभागार में मंगलवार को मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि बिना किसी दबाव के लोगों से यातायात नियमों का पालन कराना जरूरी है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या न्यूनतम की जा सके।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हेलमेट, सीटबेल्ट, नशामुक्त ड्राइविंग, मोबाइल का प्रयोग न करना और गलत दिशा में वाहन न चलाना जैसे नियमों के पालन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जैसे अनुशासन प्रिय अध्यापक हमें जीवन में सफल बनाते हैं, वैसे ही यातायात नियम पालन से जीवन सुरक्षित होगा।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सड़क किनारे जागरूकता स्लोगन लगाने, स्कूलों के पाठ्यक्रम में यातायात नियम शामिल करने और लाइसेंस प्रक्रिया को और कठोर बनाने के निर्देश दिए। मंत्री ने बताया कि जनपदों में ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे प्रशिक्षित चालक और सुरक्षित वाहन ही सड़क पर उतर सकें।

बैठक में आयुक्त ने कहा कि दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को राहगीर योजना के तहत 25 हजार रुपये और प्रशंसा पत्र दिया जाएगा। साथ ही अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को सोलेशियम स्कीम से सहायता दिलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की सूची पर चर्चा हुई तथा सुधारात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए। बैठक में परिवहन विभाग, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *