Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

रेस्टोरेंट के मालिक विजय की हत्या का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल

घटनास्थल की तस्वीर
अपराधी की तस्वीर
एसएसपी घटनास्थल पर जानकारी लेते

रांची, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

रांची के कांके थाना क्षेत्र के चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की हत्या करने वाले आरोपित अभिषेक के साथ रांची पुलिस का मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में अभिषेक को दो गोलियां लगी हैं। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना रविवार देर रात की है।

चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग की हत्या करने के बाद मुख्य आरोपित अभिषेक कुमार राज्य छोड़कर फरार होने की कोशिश में लगा हुआ था। पुलिस पर अभिषेक को गिरफ्तार करने के लिए बहुत ज्यादा दबाव था। स्थानीय लोगों ने रविवार को जमकर हंगामा भी किया था। इसी बीच रांची पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक अपने परिवार के साथ भाग रहा है। सूचना प्राप्त होने के बाद रांची एसएसपी राकेश रंजन की एक टीम ने रेस्टोरेंट संचालक विजय की रेस्टोरेंट में ही गोली मारकर हत्या करने वाले अभिषेक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस मुठभेड़ में अभिषेक के दोनों पैरों में दो गोलियां लगी हैं और उसे रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उल्लेखनीय है कि शनिवार देर रात विजय को उसके ही रेस्टोरेंट में अभिषेक ने विवाद के बाद गोली मार दी थी। इससे मौके पर ही विजय की मौत हो गई थी। हत्याकांड के बाद से ही रांची पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी कर रही थी और इसी क्रम में ये सफलता पुलिस के हाथ लगी।

मामले में एसएसपी रांची राकेश रंजन ने बताया कि हत्या का मुख्य आरोपित अभिषेक अपने परिवार के साथ रांची से भागने की फिराक में था लेकिन पुलिस के जरिए भी कई जगहों पर चेक नाके लगाए गए थे। इसी दौरान वह रातु पुलिस की नजरों में आ गया, जिसके बाद पुलिस उसका पीछा करने लगी और आखिरकार कांके थाना क्षेत्र के आईटीबीपी कैंप के समीप पहुंचने पर कांके पुलिस के जरिए भी घेराबंदी कर दी गई।

पुलिस की घेराबंदी देख अभिषेक पुलिस पर ही फायरिंग करने लगा। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वो घायल हो गया। हत्या के आरोपित अभिषेक के दोनों पैरों में एक-एक गोली लगी है।

वहीं, इस मामले में पूर्व पुलिसकर्मी हरेंद्र सिंह और उनके ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है। मामले में हत्या के पीछे बिरयानी का विवाद सामने आया था, हालांकि पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी पूछताछ कर रही है।

उल्लेखनीय है कि पिछले 10 दिनों में रांची पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में कुल पांच अपराधियों को गोली लगी है।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *