अस्पतालों में सीएस मशीनों की तत्काल करें खरीदारी : अपर मुख्य सचिव

रांची, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सोमवार को नेपाल हाउस स्थित सभागार में सभी जिलों के सिविल सर्जन (सीएस) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षात्मक बैठक की।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव ने सभी जिलों के अस्पतालों की रंग-रोगन स्थिति की जानकारी लेते आगामी मार्च से पहले सभी जिला और डिविजनल अस्पताल का रंग-रोगन कार्य पूरा कर राज्य सरकार की वेबसाइट पर तस्वीरें अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध मशीनों की स्थिति की भी समीक्षा की और जरूरी उपकरणों की तत्काल खरीद सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ब्लॉक और सीएचसी स्तर पर डॉक्टरों के कार्य की समीक्षा कर उन्हें प्रेरित करने के निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि बैठक का उद्देश्य राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने और मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन और रखरखाव से जुड़े निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करना था। बैठक में सदर अस्पतालों में मॉड्यूलर ओटी निर्माण की प्रगति, ट्रॉमा सेंटर और मुख्यमंत्री अस्पताल कायाकल्प योजना की भी समीक्षा की गई।
रिम्स के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ पी भट्टाचार्य ने बताया कि राज्य में 49 स्थानों पर ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा हर जिले में 10 बेड का आईसीयू और एक टेली आईसीयू स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, पीएम-भीम योजना, चलंत ग्राम क्लीनिक और आउटसोर्सिंग कर्मियों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक सुविधाओं और मानव संसाधन को मजबूत कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा, अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, डीआईसी सिद्धार्थ सान्याल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar



