Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

एडीजी पीयूष मोर्डिया ने लिया विंध्याचल धाम में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते एडीजी पीयूष मोर्डिया

– अधिकारियों संग किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण

मीरजापुर, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर बुधवार को मां विंध्यवासिनी धाम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए एडीजी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया धाम पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले विधिवत दर्शन-पूजन कर मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद एडीजी ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, एसपी सिटी नितेश सिंह, सीओ सिटी विवेक जावला, विंध्याचल इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

एडीजी ने मंदिर परिसर, गली-चौक और घाट क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों की स्थिति देखी और पैदल मार्गों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को कतारबद्ध और सुचारु ढंग से दर्शन कराए जाएं, कहीं भी अव्यवस्था या भीड़भाड़ न होने पाए। साथ ही उन्होंने मेला क्षेत्र में आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।

एडीजी मोर्डिया ने स्पष्ट कहा कि नवरात्रि मेले के दौरान प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु विंध्याचल धाम पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम दर्शन प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मेला क्षेत्र में सक्रिय एंटी रोमियो स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की तैनाती की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के अंत में उन्होंने पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि मां विंध्यवासिनी के भक्तों को निर्बाध और सुरक्षित दर्शन का अनुभव मिल सके।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *