Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन तैयार, भीड़ प्रबंधन में सीसीटीवी व एआई का होगा प्रयोग

प्रयागराज मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल का छाया चित्र

प्रयागराज, 29 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मेला प्राधिकरण तैयारी में जुटा हुआ है। भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी एवं एआई का प्रयोग किया जाएगा। यह बात सोमवार को मीडिया से माघ मेला पुलिस लाइन शिविर में हुई ब्रीफिंग के बाद प्रयागराज मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कही।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुव्यवस्थित स्नान व्यवस्था प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय, निरंतर संवाद एवं जमीनी स्तर पर सक्रिय उपस्थिति के साथ कार्य करने के लिए कहा, जिससे माघ मेला को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सफल रूप से सम्पन्न कराया जा सके।

माघ मेला क्षेत्र स्थित रिज़र्व पुलिस लाइन्स के तीर्थराज सभागार में माघ मेला की तैयारियों के दृष्टिगत पुलिस अधिकारियों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं कर्मचारियों का ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक, माघ मेला नीरज कुमार पाण्डेय द्वारा संबोधित किया गया। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारियों को माघ मेला के दौरान भीड़ प्रबंधन हेतु लागू सभी 10 आपातकालीन योजनाओं के संबंध में जानकारी दी एवं साथ ही आपातकालीन योजना संख्या 01 से 04 (घाटों से संबंधित) तथा योजना संख्या 10 (नाविकों से संबंधित) के क्रियान्वयन के संबंध में संबंधित अधिकारियों से आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया।

बैठक के पश्चात मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ माघ मेला की सन्निकटता के दृष्टिगत संगम नोज व अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा चल रही तैयारियों का जायजा लिया एवं सभी सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शेष कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए हैं।

ब्रीफिंग में पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार, पुलिस उपायुक्त यमुनापार विवेक कुमार, पुलिस उपायुक्त गंगापार कुलदीप गुनावत, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल), सहायक पुलिस आयुक्त राजकुमार मीणा, सहायक नोडल पुलिस अधिकारी माघ मेला विजय आनन्द’ सहित माघ मेला से जुड़े अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *