Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

जनपद में शुक्रवार को गरजा प्रशासन का बुलडोजर

अतिक्रमण हटाती जेसीबी
ट्रैक्टर चलाकर जुताई गई भूमि

सीतापुर, 19 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जनपद में अवैध कब्जों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। शुक्रवार को दोपहर से शुरू अभियान शाम तक चलता रहा। बिसवां, लहरपुर, महमूदाबाद, हरगांव, और अन्य तहसीलों में एक साथ आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर ट्रैक्टर, जेसीबी और बुलडोजर गरजते नजर आए। शत्रु सम्पत्ति, बंजर भूमि, अस्पताल परिसर और प्रमुख चौराहों से अवैध कब्जे हटाए गए।

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. के सख्त निर्देशों पर प्रशासनिक अमला सड़क से लेकर खेतों तक उतरा। कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कम्प मच गया, जबकि आमजन ने प्रशासन की इस सख्ती का स्वागत किया है।

बिसवां तहसील क्षेत्र के ग्राम पुरैना में प्रशासन ने शुक्रवार दोपहर शत्रु सम्पत्ति की लगभग 432 बीघा भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी शिखा शुक्ला के नेतृत्व में की गई। मौके पर स्वयं मौजूद एसडीएम ने खेतों में खड़े होकर ट्रैक्टर चलवाया और पूरी भूमि को जुतवा दिया, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि शत्रु सम्पत्ति पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह भूमि वर्ष 1968 से अवैध कब्जे में चली आ रही थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। शत्रु सम्पत्ति में गाटा संख्या 506, 517, 518, 519, 520, 501क और 791 शामिल हैं। एसडीएम ने बताया कि भविष्य में इस भूमि का उपयोग गांव के विकास और जनहित में किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की इस सख्ती से ग्रामीणों में संतोष और कब्जेदारों में भय का माहौल है।

लहरपुर क्षेत्र में जिलाधिकारी के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। मजा शाह चौराहा, पालिका परिषद चौराहा और विश्वा तिराहा गेट को 150 मीटर तक अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

उपजिलाधिकारी आकांक्षा गौतम, कोतवाली प्रभारी और पालिका टीम बुलडोजर व भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों और ठेले वालों ने स्वयं अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।

महमूदाबाद में महिला अस्पताल परिसर के आसपास किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए। अस्पताल की बाउंड्री तोड़कर कब्जा करने की शिकायतों पर एसडीएम के निर्देश पर कार्रवाई हुई। अस्थायी और स्थायी दुकानें हटाई गईं। कार्रवाई से अस्पताल की सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।

हरगांव थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में पुलिस और तहसील प्रशासन की मौजूदगी में बंजर भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया। ग्राम पंचायत समिति अध्यक्ष की शिकायत पर कार्रवाई की गई। नायब तहसीलदार, राजस्व टीम और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। भूमि कब्जामुक्त होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

सीतापुर में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने गुरुवार देर रात लालबाग, बस स्टैंड और आंख अस्पताल चौराहे का निरीक्षण कर अतिक्रमण की फीते से नपाई कराई। शहर के पांच प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण और सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। लालबाग से घंटाघर और आंख अस्पताल रोड पर दोनों ओर से मीटरों में जमीन ली जाएगी। डीएम ने दुकानदारों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। प्रशासन का कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और जाम से राहत मिलेगी।

–डीएम के सख्त तेवर से कब्जेदारों में खलबली

जिले में डीएम के आदेश से चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान से अवैध कब्जेदारों में हड़कम्प मचा हुआ है। कई कब्जेदार अपनी अवैध जमीन बचाने के लिए जिले के भाजपा नेताओं से लेकर प्रदेश स्तर के नेताओं की चौखटों पर हाजिरी लगा रहे हैं। हालांकि डीएम के सख्त रुख के चलते किसी भी तरह की सिफारिश असर नहीं दिखा पा रही है। उप जिलाधिकारी शिखा शुक्ला ने बताया कि सरकारी भूमि, शत्रु सम्पत्ति और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *