Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

बीएचयू में बवाल के बाद परिसर में शांति, फोर्स ने डेरा डाला

बीएचयू में बवाल के बाद फोर्स

—बवाली छात्रों ने तमिल संगमम के पोस्टर फाड़े, गमले, वाहन और कुर्सियां तोड़ीं

वाराणसी, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में देर रात मारपीट और तोड़फोड़ पथराव के बाद बुधवार को परिसर में तनाव पूर्ण शांति है। आधी रात से ही बीएचयू के सुरक्षा कर्मी और पुलिस अफसर फोर्स के साथ गश्त करते रहे। हालात को सामान्य करने के लिए पीएसी के जवानों ने बवाल पर उतारू छात्रों को छात्रावास में खदेड़ा। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के अनुसार देर रात ही स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। बीएचयू के सुरक्षा अफसरों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार बीएचयू परिसर स्थित राजाराम छात्रावास के पास किसी वाहन ने पैदल जा रही एक छात्रा को धक्का मार दिया। इसकी शिकायत लेकर प्राक्टोरियल बोर्ड कार्यालय पहुंचे छात्रों से वहां तैनात एक सुरक्षा कर्मी से तीखी बहस हो गई। इससे नाराज छात्रों के एक गुट ने कुलपति आवास के समीप एलडी चौराहे पर पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी। यह देख बीएचयू के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें खदेड़ना चाहा तो छात्रावास से और छात्र भी वहां पहुंच कर पत्थर फेंकने लगे।

वहीं, छात्रों के एक गुट ने काशी तमिल संगमम का पोस्टर फाड़ने के साथ तमिल प्रतिनिधियों के स्वागत में लगाए गए गमलों को भी तोड़ दिया। हालात बिगड़ता देख पुलिस अफसरों को घटना की जानकारी दी गई। एसीपी भेलूपुर कई थानों की फोर्स और पीएसी बल के साथ मौके पर पहुंचे और बवाल पर उतारू छात्रों को वहां से खदेड़ कर हालात पर काबू पाया। मारपीट और पथराव में कई छात्रों के साथ बीएचयू के सुरक्षाकर्मी और पुलिस के जवान भी घायल हो गए। इसमें एक छात्र का सिर फट गया। उसे अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। बवाल के बाद करीब आधा किलोमीटर तक सड़क पर ईंट-पत्थर बिखरे मिले। आरोप है कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड के ऑफिस पहुंचे छात्रों के साथ वहां तैनात गार्ड ने दुर्व्यवहार किया। इसके बाद छात्रों की सुरक्षा कर्मी से कहासुनी और मारपीट हो गई। यह देख अन्य सुरक्षाकर्मियों ने हंगामा कर रहे छात्रों को खदेड़ा।

इसकी जानकारी बिरला-बी और सी के छात्रों को मिली तो वे हॉस्टल से बड़ी संख्या में बाहर निकले और मुंह बांध कर पथराव शुरू कर दिया। एलडी चौराहे पर सुरक्षाकर्मियों के लिए रखी कुर्सियां भी तोड़ दी । इसके बाद सड़क पर खड़े कई वाहनों में वाहनों में तोड़फोड कर दिया। यह देख सुरक्षाकर्मियों ने लाठी भांज कर छात्रों को खदेड़ना शुरू किया। तब तक मौके पर पुलिस अफसर भी पहुंच गए और उन्होंने स्थिति को संभाला। उधर, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि घटना से पहले कुछ मुंह ढके छात्रों ने एक छात्र पर हमला किया था। सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद तनाव और बढ़ गया। चीफ प्रॉक्टर प्रो. एसपी सिंह के अनुसार अभी तक किसी पक्ष से शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, प्रशासन सीसीटीवी फुटेज सहित सभी साक्ष्य जुटा रहा है। फिलहाल कैंपस में स्थिति नियंत्रण में है। काशी तमिल संगमम के तहत छात्रों के स्वागत कार्यक्रम को देखते हुए परिसर में पुलिस और प्रशासन अलर्ट है।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *