Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
GUJARAT

खामी के चलते अहमदाबाद का सुभाष ब्रिज बंद किया गया

खामी के चलते सुभाष ब्रिज बंद

स्थायी समिति के चेयरमैन बोले-रिपोर्ट के बाद ही तय होगा खुलने का दिनअहमदाबाद, 05 दिसंबर (Udaipur Kiran) । गुजरात के अहमदाबाद के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक पुराने किला क्षेत्र (कोट एरिया) में प्रवेश का मुख्य रास्ता माने जाने वाले सुभाष ब्रिज को स्पैन में खामी और दरारें मिलने के बाद तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया गया है। साबरमती नदी पर बने इस ब्रिज के एक हिस्से के धंसने की आशंका के बाद अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात रोक दिया है।

शुक्रवार 5 दिसंबर को ब्रिज प्रोजेक्ट और बिल्डिंग विभाग की संयुक्त टीम ने बोट के जरिए ब्रिज के नीचे से निरीक्षण किया। साथ ही विशेषज्ञ कंसल्टेंट टीम ने ड्रोन सर्वे भी किया। निरीक्षण में ही स्पैन में गंभीर खामी और दरारें सामने आने पर ब्रिज बंद करने का निर्णय लिया गया। ब्रिज कम से कम पांच दिनों के लिए बंद रहेगा, जिसके कारण रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले लगभग 1 लाख वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना पड़ रहा है। डायवर्जन के चलते रानीप डी-मार्ट, परिक्षितलाल ब्रिज और वाडज सर्कल पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला।

अहमदाबाद के महानगर पालिका (मनपा) स्थायी समिति के चेयरमैन देवांग दाणी ने कहा, “सुभाष ब्रिज के निरीक्षण में स्पैन में खामी और तिराड़ें मिलते ही ब्रिज को बंद कर दिया गया। यह कितने दिन बंद रहेगा, यह फैसला जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही किया जाएगा।”

उधर मनपा के विपक्ष नेता शहज़ाद खान पठाण भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की रोक के बावजूद वे ब्रिज पर चढ़ गए। उन्होंने मनपा और भाजपा पर हमला करते हुए कहा, “मोरबी और गंभीरा ब्रिज हादसों के बाद भी सत्ताधारी नहीं जागे। अब सुभाष ब्रिज पर भी लोगों की जान जोखिम में डाली गई है।”

सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल सुभाष ब्रिज पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है और मरम्मत व स्थिरता संबंधी विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही ब्रिज को दोबारा खोलने पर निर्णय लिया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / यजुवेंद्र दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *