वायु सेना का एयर शो पांच नवंबर को रायपुर में, आसमान में दिखेगा ‘सूर्यकिरण’ का जलवा

रायपुर, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर पांच नवंबर की सुबह राजधानी का आसमान रोमांच से भर जाएगा। भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध ‘सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम’ पहली बार सेंध तालाब के ऊपर भव्य एयर शो करेगी। इस शो में नौ फाइटर जेट्स आसमान में शानदार करतब दिखाएंगे। करीब 40 मिनट तक चलने वाले इस कार्यक्रम में फार्मेशन फ्लाइंग, समन्वित मूवमेंट और हैरतअंगेज एयरोबेटिक स्टंट्स देखे जा सकेंगे।
रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने पर सरकार ने इस आयोजन को ‘रजत जयंती राज्योत्सव’ के रूप में रखा है। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह एयर शो छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष की विकास यात्रा व उपलब्धियों को समर्पित प्रतीकात्मक आयोजन होगा। वायु सेना की सूर्यकिरण टीम अपने सटीक समन्वय और साहसिक हवाई करतबों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। रायपुर में इससे पहले यह टीम 2009 में बूढ़ातालाब के ऊपर एयर शो कर चुकी है।
सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था
नवा रायपुर प्रशासन, विमानन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। कार्यक्रम स्थल पर भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को मुख्य पार्किंग स्थल बनाया गया है। सेंध तालाब के किनारे व्यूइंग जोन, सुरक्षा बैरिकेड और एयरक्राफ्ट हैंगर तैयार किए जा रहे हैं।
तीन नवंबर को पहुंचेगी सूर्यकिरण की टीम
भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण टीम तीन नवंबर को रायपुर पहुंचेगी। इसके अगले दिन चार नवंबर को सेंध तालाब के ऊपर रिहर्सल शो होगा। इस मौके पर शहर के स्कूलों के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि वे करीब से वायु सेना के जांबाज पायलटों के करतब देख सकें।
—————
(Udaipur Kiran) / चन्द्र नारायण शुक्ल



