Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

नशीले कफ सिरप मामले के सभी आरोपियों की तत्काल हो गिरफ्तारी : अजय राय

प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

—प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कसा तंज,बाबा के बुलडोजर को ठंड लग गई है क्या ? सीटी बजवाकर आवाज दबा रही

वाराणसी,20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को नशीले कफ सिरप मामले को प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब विपक्षी नेताओं और विरोधियों पर बुलडोजर चलाने में सरकार देर नहीं करती, तो फिर कफ सिरप मामले के आरोपितों पर अब तक बुलडोजर क्यों नहीं चला?। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतीकात्मक रूप से एक बुलडोजर दिखाकर और सीटी बजाकर योगी सरकार की “चयनात्मक कार्रवाई” को सीधे निशाने पर लिया।

प्रदेश अध्यक्ष लहुराबीर महामंडल नगर स्थित अपने कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि बाबा (सीएम योगी) के बुलडोजर को ठंड लग गई है क्या ? अब सीटी बजवाकर आवाज दबा रही है डबल इंजन की सरकार। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री का बुलडोजर सिर्फ विपक्ष और असहमति की आवाज़ों को कुचलने के लिए ही है? क्या अपराधियों और माफियाओं के सामने यह बुलडोजर बेबस हो जाता है?। पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर जब नशीले कफ सिरप के आरोपियों पर सवाल उठा रहे थे, तो उनकी पेशी के दौरान सीटी बजाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की गई। जो व्यक्ति सच बोल रहा है, सवाल पूछ रहा है, उसी को चुप कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस पूरे मामले का मुख्य आरोपित शुभम जायसवाल विदेश में बैठकर रील बना रहा है, और केंद्र व राज्य की सरकार पूरी तरह चुप्पी साधे हुए है। मुख्य आरोपित खुलेआम विदेश में घूम रहा है, तब सरकार की एजेंसियां क्या कर रही हैं? आखिर उसे संरक्षण कौन दे रहा है? । हम उदाहरण के रूप में कह रहे है की जब गोवा के लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड भाग गए थे,उसे गिरफ्तार कर भारत लाया गया। जब यह संभव है, तो फिर नशीले कफ सिरप कांड के मुख्य आरोपित शुभम जायसवाल को भारत क्यों नहीं लाया जा सकता? यह प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है यहाँ तो डबल इंजन की सरकार को और संवेदनशील होना चाहिए।

—कांग्रेस की स्पष्ट मांगें

पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने नशीले कफ सिरप मामले के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, जिन-जिन लोगों के नाम इस घोटाले से जुड़े हैं, उन सभी के बैंक खातों की गहन जांच कराने,मुख्य आरोपित शुभम जायसवाल को विदेश से भारत लाने,उसके अवैध रूप से कमाए गए पैसों से बनी करोड़ों रुपये की कोठियों और संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। वार्ता में पार्टी के स्थानीय जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल , महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे,पार्षद दल नेता गुलशन अली, मनीष मोरोलिया आदि भी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *