Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BIHAR

जिला परिषद की बैठक में खाद्यान्न घोटाले का आरोप, कटेया टीपीडीएस गोदाम की जांच के आदेश

बैठक करते अधिकारी

गोपालगंज, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।जिले में राज्य खाद्य निगम के माध्यम से जन वितरण प्रणाली (टीपीडीएस) के तहत डीलरों और आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलने वाले खाद्यान्न में कथित गड़बड़ी का मामला जिला परिषद की बैठक में उठा। बैठक में जिला परिषद सदस्यों ने कटेया प्रखंड स्थित टीपीडीएस गोदाम के प्रभारी प्रबंधक निशा कुमारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की।

सदस्यों ने कहा कि कटेया टीपीडीएस गोदाम से डीलरों को निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न दिया जाता है। जन वितरण दुकानदारों को 50 किलो के स्थान पर मात्र 46 से 48 किलो का ही बैग उपलब्ध कराया जाता है। इतना ही नहीं, गोदाम से खाद्यान्न कभी भी तौल मशीन से नहीं दिया जाता, जिससे लगातार अनियमितता की आशंका बनी रहती है। बैठक कहा कि गोदाम का वास्तविक संचालन प्रभारी प्रबंधक के बजाय उनके पति रितेश कुमार द्वारा किया जाता है।

सदस्यों का कहना था कि स्थानीय काला बाजारियों और बिचौलियों से सांठगांठ कर सरकारी अनाज को अवैध रूप से बाजार में बेचा जाता है। इससे एक ओर सरकार की कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर गरीब एवं जरूरतमंद लाभुकों के हक पर सीधा डाका डाला जा रहा है।जिला परिषद सदस्यों ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए आने वाले पोषाहार में भी कटौती की जाती है। क्षेत्र की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने आरोप लगाया है कि बच्चों के लिए निर्धारित पोषण आहार भी कम मात्रा में दिया जाता है।

इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, मामले की गंभीरता को देखते हुए उप विकास आयुक्त सह जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी कुमार विवेक निशांत ने तत्काल जांच के आदेश दिए। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी कौशर जमाल को पूरे मामले की जांच के लिए अधिकृत किया गया।

उन्होंने बैठक समाप्त होने के बाद राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक को पत्र भेजकर मामले की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।

(Udaipur Kiran) / Akhilanand Mishra

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *