Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

अंबिकापुर: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गति देने कार्यशाला, अधिक से अधिक लाभार्थियों तक योजना पहुँचाने पर जोर

पीएम सूर्य घर योजना कार्यशाला
पीएम सूर्य घर योजना कार्यशाला

अंबिकापुर, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को सरगुजा जिले में व्यापक रूप से लागू करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशासन की महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित हुई। कलेक्टर विलास भोसकर के निर्देशन और नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में योजना को अधिकतम नागरिकों तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला में नगर निगम अंबिकापुर क्षेत्र के सभी पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, बैंक अधिकारियों, निगम कर्मचारियों, वेजल्स और विद्युत विभाग के अधिकारी शामिल रहे। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजना के क्रियान्वयन को सुचारू व प्रभावी बनाने पर सहमति बनी। बैठक में पार्षदों द्वारा पूछे गए सवालों और तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान कार्यपालन अभियंता (संचार/सम्मान) आर. नागवंशी, कार्यपालन अभियंता (शहर संभाग) राजेश कुमार जायसवाल और सहायक अभियंता अंबिकापुर ग्रामीण द्वारा प्रस्तुत किया गया।

कार्यशाला में योजना के प्रावधान, आवेदन प्रक्रिया, वित्तीय मानक, बैंकिंग औपचारिकताओं और तकनीकी पक्षों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया कि बैंकिंग संस्थान, बिजली विभाग और वेजल्स परस्पर तालमेल के साथ कार्य करते हुए जुड़ने वाले हितग्राहियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की देरी या तकनीकी बाधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना न केवल घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिल में महत्वपूर्ण राहत प्रदान करेगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी राज्य और देश के लिए बड़ा कदम साबित होगी। कार्यशाला के अंत में सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों ने अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जागरूकता और लाभ पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

—————

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *