Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

अमेरिका, मेक्सिको, कोस्टा रिका और जमैका ने 2031 महिला विश्व कप की संयुक्त मेजबानी के लिए दावेदारी पेश की

बाएं से दाएं, मैक्सिकन फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष मिकेल एरियोला, जमैका फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष माइकल रिकेट्स, कोस्टा रिकन फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष ओसेल मारोटो मार्टिनेज और अमेरिकी फुटबॉल अध्यक्ष सिंडी पार्लो कोन

मेक्सिको सिटी, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । अमेरिका, मेक्सिको, कोस्टा रिका और जमैका के फुटबॉल संघों ने सोमवार को 2031 महिला फुटबॉल विश्व कप की संयुक्त मेजबानी के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा की। यह टूर्नामेंट पहली बार 48 टीमों के साथ खेला जाएगा।

फीफा ने मई में महिला विश्व कप को 32 से बढ़ाकर 48 टीमों तक विस्तार देने को मंजूरी दी थी। नए प्रारूप में 12 समूह होंगे और कुल मैचों की संख्या 64 से बढ़कर 104 हो जाएगी — जो 2026 पुरुष विश्व कप के बराबर होगी।

संघों ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि उनका प्रस्ताव “इतिहास का सबसे प्रभावशाली टूर्नामेंट” आयोजित करने का लक्ष्य रखता है, जो उत्तरी अमेरिका, मध्य अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र में महिला फुटबॉल के लिए स्थायी विरासत छोड़ेगा।

अमेरिकी फुटबॉल संघ की अध्यक्ष सिंडी पार्लो कोन ने कहा,“हम अपने कॉनकाकाफ साझेदारों — मेक्सिको, कोस्टा रिका और जमैका — के साथ 2031 महिला विश्व कप की बोली का नेतृत्व करने पर गर्व महसूस कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि यह टूर्नामेंट महिला फुटबॉल के लिए एक नई वैश्विक पहचान बनाए और 2031 से आगे तक सकारात्मक प्रभाव छोड़े।”

मेक्सिकन फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मिकेल एर्रियोला ने कहा कि यह संयुक्त प्रस्ताव फीफा और कॉनकाकाफ का इन मेजबान देशों पर भरोसा दर्शाता है।

उन्होंने कहा, “2031 महिला विश्व कप हमारे क्षेत्र में खेल के विकास को मजबूत करने और मेक्सिको में खिलाड़ियों व प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का ऐतिहासिक अवसर होगा।,”

संघों ने बताया कि आधिकारिक बोली दस्तावेज (बिड बुक) नवंबर में फीफा को सौंपा जाएगा, जबकि अंतिम निर्णय 30 अप्रैल 2026 को वैंकूवर में होने वाले फीफा कांग्रेस में लिया जाएगा।

अगर यह प्रस्ताव सफल रहता है, तो यह पहला महिला विश्व कप होगा जो चार देशों में आयोजित किया जाएगा, साथ ही जमैका और कोस्टा रिका पहली बार विश्व कप मैचों की मेजबानी करेंगे।

अमेरिका, जो अगले वर्ष पुरुष विश्व कप की मेजबानी मेक्सिको और कनाडा के साथ करेगा, इससे पहले 1999 और 2003 में महिला विश्व कप की मेजबानी कर चुका है। वहीं, मेक्सिको पहली बार महिला विश्व कप की मेजबानी करेगा।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *