Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

अमित शाह गुरुवार को मप्र के ग्वालियर एवं रीवा में आयोजित कार्यक्रमों में होंगे शामिल

केन्द्रीय मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)

ग्वालियर, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती पर ग्वालियर एवं रीवा में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज रात ग्वालियर पहुंचेंगे। वह रात करीब नौ बजे ग्वालियर विमानतल पर उतरेंगे। इसके बाद वह होटल ताज ऊषा किरण पैलेस के लिए रवाना होंगे। वह अगले दिन 25 दिसंबर को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

राज्य शासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, केन्द्रीय मंत्री शाह 25 दिसम्बर को ग्वालियर में सुबह 11:30 बजे से दोपहर दो बजे तक अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट में भाग लेंगे। वे यहां लगभग दो लाख करोड़ से अधिक के कामों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करने के साथ-साथ निवेशकों को आशय पत्र-आवंटन आदेश का वितरण भी करेंगे। केन्द्रीय मंत्री यहां दो माह तक चलने वाले ग्वालियर व्यापार मेले का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद वे रीवा पहुंचेंगे और और वहां आयोजित कृषि एवं किसान सम्मेलन में भाग लेंगे।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह रीवा के बसामन मामा गौअभ्यारण्य का दौरा करेंगे। वे यहां किसान एवं सहकारिता सम्मेलन में निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन करने के साथ विशाल जनसभा को सम्बोधित करेंगे। केन्द्रीय गृह मंत्री बसामन मामा गौअभ्यारण्य का भ्रमण कर गोवंश की सेवा के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी लेंगे। साथ ही उद्यानिकी तथा खेती के लिए गौअभ्यारण्य में विकसित किये जा रहे प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लिए मॉडल का लोकार्पण करेंगे। इस मॉडल में जैविक विधि से उगाये गये पौधे, जैवविविधता से जुड़े 60 तरह के बीज तथा 12 तरह के जैविक खाद कीटनाशकों का प्रदर्शन किया जायेगा। प्रवास के दौरान गृहमंत्री रीवा शहर में देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।

——————

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *