Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

अमृतसर, आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो को मिला पवित्र शहरों का दर्जा, अधिसूचना जारी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान वीडियो संदेश जारी करते हुए

– वर्ल्ड सिटी अमृतसर, श्री दमदमा साहिब और श्री आनंदपुर साहिब में विश्व स्तरीय सुविधाएं होंगी

चंडीगढ़, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पंजाब सरकार ने सिखों के धार्मिक महत्व वाले शहर अमृतसर,आनंदपुर साहिब तथा तलवंडी साबो को धार्मिक शहरों को दर्जा प्रदान किया है। इस संबंध में रविवार को अधिसूचना जारी की गई। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस पहल को प्रदेश के लिए परमात्मा के प्रति कृतज्ञता, विनम्रता और जिम्मेदारी वाला अवसर बताया।

एक वीडियो संदेश में पंजाब के लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने सिखों के लिए धार्मिक महत्व वाले शहरों को पवित्र शहरों का दर्जा देने संबंधी अधिसूचना जारी करके एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह घोषणा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें ‘शहीदी दिवस’ (शहीदी दिवस) को मनाने के लिए राज्य स्तरीय समारोह के मौके पर श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती से की गई थी। उन्होंने कहा कि मैं परमात्मा का आभारी हूं, जिसने हमें ऐसा ऐतिहासिक निर्णय लेने की शक्ति, सामर्थ्य और क्षमता प्रदान की है।

इस कदम के महत्व के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिखों के पांच तख्त साहिबानों में से तीन तख्त पंजाब में स्थित हैं, जिनमें श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर, तख्त श्री केसगढ़ साहिब श्री आनंदपुर साहिब और तख्त श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो हैं। उन्होंने कहा कि इन पवित्र तख्त साहिबानों की स्थापना वाले तीनों शहरों को अब आधिकारिक रूप से रूहानियत के केंद्रों और पवित्र शहरों का दर्जा दिया गया है। प्रदेश सरकार इन पवित्र शहरों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन शहरों में ई-रिक्शा, मिनी-बसें और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाएं प्रदान करने सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे, ताकि दुनिया भर से आने वाले श्रद्धालुओं और संगत को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन पवित्र शहरों में अब सख्त नियम लागू होंगे। अब इन तीनों शहरों में मांस, शराब, तंबाकू और किसी भी नशीले पदार्थ की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध होगा।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *