Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

कन्नौज के बाबा विश्वनाथ मंदिर के पर्यटन विकास को मिली स्वीकृति

कन्नौज:- ग्राम चौधरियापुर बांगर स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर के पर्यटन विकास को मिली स्वीकृति
कन्नौज:- ग्राम चौधरियापुर बांगर स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर के पर्यटन विकास को मिली स्वीकृति

कन्नौज, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रेदश के जनपद कन्नौज के ग्राम पंचायत चौधरियापुर बांगर में स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों के लिए शासन ने प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह परियोजना धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

उक्त विषय के संबंध में प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के प्रस्ताव पर शासन को प्रेषित प्रस्ताव के क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से गठित अप्रेजल समिति द्वारा परियोजना का मूल्यांकन किया गया, जिसमें कुल लागत 66.33 लाख रुपये (जीएसटी सहित) आंकी गई है। यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत मद संख्या 8 (मुख्यमंत्री पर्यटन स्थलों का विकास) से आच्छादित की गई है।

परियोजना के अंतर्गत बाबा विश्वनाथ मंदिर परिसर एवं उसके आसपास श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की सुविधाओं के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण के लिए मल्टीपरपज हॉल का निर्माण, शौचालय ब्लॉक की स्थापना, सोलर पैनल की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट्स, आरसीसी बेंच, ट्विन डस्टबिन, साइनिज, पेविंग कार्य, पेयजल सुविधा तथा हॉर्टीकल्चर एवं लैंडस्केपिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे।

इस संबंध में समाज कल्याण मंत्री ने बताया कि शासन द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए कुल 66.33 लाख रूपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही परियोजना के शीघ्र एवं सुचारु क्रियान्वयन हेतु प्रथम किश्त के रूप में 50.00 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त किए जाने की भी स्वीकृति दी गई है।

परियोजना के पूर्ण होने से बाबा विश्वनाथ मंदिर का समग्र विकास सुनिश्चित होगा, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।

————

(Udaipur Kiran) झा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *