जन सुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, आरोपी हिरासत में
नई दिल्ली, 20 अगस्त (Kiran News)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया है। यह घटना मुख्यमंत्री निवास सिविल लाइंस, राज निवास मार्ग स्थित जन सेवा केंद्र में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भाजपा नेताओं ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी शिकायत देने के बहाने मुख्यमंत्री के पास पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सिविल लाइंस थाने भेज दिया है और पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घटना की निंदा करते हुए बताया कि जन सुनवाई के दौरान एक व्यक्ति कागज देने के बहाने आया और अचानक मुख्यमंत्री का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की हुई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद वे मुख्यमंत्री से मिले, मुख्यमंत्री मजबूत महिला हैं और उनके सिर पर हल्की चोट आई है।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि जनता से उनका निडर जुड़ाव विपक्ष को बेचैन करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री की शक्ति, सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी नेता आतिशी ने भी हमले को बेहद निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है दिल्ली पुलिस दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगी।



