भतीजे से कथित प्रेम प्रसंग, थाने में चाची का हंगामा

गोरखपुर, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सहजनवा थाना क्षेत्र के एक गांव में भतीजे से प्रेम प्रसंग के आरोप को लेकर शनिवार को थाने में उस समय हंगामा मच गया, जब महिला अपने पति और बेटे को देखकर आपा खो बैठी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। हालांकि, किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला के तीन बच्चे हैं। आरोप है कि महिला का असम राइफल्स में तैनात अपने सगे भतीजे से पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया गया कि महिला लगभग तीन वर्षों से अपने पति और एक बेटे को छोड़कर दो बेटियों के साथ सहजनवा में किराए के मकान में रह रही थी।
बताया जाता है कि वर्तमान में असम राइफल्स में तैनात युवक छुट्टी पर घर आया हुआ है। इसी दौरान कथित प्रेम प्रसंग की जानकारी सामने आने के बाद युवक घर पर ही रह रहा है। शनिवार को जब महिला का पति अपने बेटे के साथ थाने पहुंचा तो इसकी भनक महिला को लग गई। इसके बाद वह भी थाने पहुंच गई और पति व बेटे को देखकर हंगामा करने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला बार-बार अपने पति पर आक्रामक होती नजर आई और उसे मारने के लिए दौड़ पड़ती थी। थाना परिसर में मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने किसी तरह महिला को काबू में कर शांत कराया। थाना दिवस के दौरान थाने में मौजूद फरियादी भी घटनाक्रम देखकर मूकदर्शक बने रहे।
इस संबंध में थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, इसलिए फिलहाल कोई विधिक कार्रवाई नहीं की गई है।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रिंस पाण्डेय



