Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

घने कोहरे में सड़क सुरक्षा को लेकर औरैया पुलिस का जागरूकता अभियान, 14 पुलिस वाहन हाइवे पर रवाना

फोटो

औरैया, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शीत ऋतु में घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका को देखते हुए उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के नेतृत्व में सुरक्षित वाहन संचालन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस क्रम में रिज़र्व पुलिस लाइन, औरैया में “घने कोहरे के समय वाहन कैसे चलाएं” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों एवं पुलिस वाहन चालकों को कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बताया गया कि कोहरे के समय दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है, ऐसे में सतर्कता और यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है। पुलिसकर्मियों को वाहन की गति नियंत्रित रखने, फॉग लाइट, हेडलाइट व टेल लाइट का सही उपयोग करने, आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने के निर्देश दिए गए। अत्यधिक कोहरे की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकने की भी सलाह दी गई।

इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के अनावश्यक प्रयोग से बचने, हार्न का सीमित उपयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 व 108 टोल-फ्री सेवाओं का तत्काल प्रयोग करने के निर्देश दिए गए। सभी पुलिसकर्मियों व चालकों को यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करने हेतु भी प्रेरित किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के उपरांत रिज़र्व पुलिस लाइन से पीआरवी एवं पुलिस लाइन से प्राप्त कुल 14 चार पहिया पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न हाइवे पर रवाना किया गया। इन वाहनों में लगे पी.ए. सिस्टम के माध्यम से आमजन को ऑडियो संदेशों द्वारा घने कोहरे में सुरक्षित वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया।

औरैया पुलिस ने आमजन से अपील की कि कोहरे में वाहन की गति कम रखें, लो-बीम हेडलाइट का प्रयोग करें, पर्याप्त दूरी बनाए रखें, ओवरटेकिंग से बचें, अपनी लेन में चलें और अत्यधिक कोहरे में सुरक्षित स्थान पर रुककर कोहरा छंटने का इंतजार करें। पुलिस का संदेश है— “कोहरा है तो किनारे रुकना मना है, सुरक्षित पार्किंग ही जीवन रक्षा का मंत्र है।”

इस जागरूकता कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक सहित विभिन्न शाखाओं के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं वाहन चालक उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *