अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह का हुआ ब्रेकअप, एक्टर ने खुद किया कंफर्म

उदयपुर, 24 नवंबर: टीवी के मशहूर कपल अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह का अब ऑफिशियली ब्रेकअप हो गया है। पिछले कुछ दिनों से उनके अलग होने की खबरें आ रही थीं और सोशल मीडिया पर भी उनके बीच अनबन साफ नजर आ रही थी। अब अविनाश मिश्रा ने खुद इस ब्रेकअप पर मुहर लगा दी है और रिश्ता टूटने की पूरी जिम्मेदारी अपने सिर ली है। उन्होंने एक वीडियो शेयर कर ईशा और उनकी फैमिली से माफी भी मांगी है।
अविनाश ने ईशा और उनकी फैमिली से मांगी माफी
सोमवार को अविनाश मिश्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर तीन वीडियो शेयर किए। उन्होंने कहा, “मेरे डीजे शो के दौरान मैंने एक गाना बजाया था, जिसे लोगों ने गलत समझ लिया। मुझे पता है कि मेरी इस हरकत से ईशा और उनकी फैमिली को सबसे ज्यादा दुख पहुंचा है। मेरा इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का बिल्कुल नहीं था, लेकिन जो कुछ भी हुआ उसके लिए मैं माफी मांगता हूं। अगर हमारे अलग होने के लिए कोई जिम्मेदार है, तो वो सिर्फ मैं हूं। यह मेरी गलती है। मैं यहां सिर्फ माफी मांगने आया हूं।”
अविनाश ने की मामले को यहीं खत्म करने की अपील
अविनाश ने फैंस से यह भी अपील की कि वे इस मामले में दोनों के परिवारों और दोस्तों को न घसीटें। उन्होंने कहा, “मेरी आप सभी से रिक्वेस्ट है कि इस बात को यहीं खत्म कर दें। यह दो लोगों के बीच का पर्सनल मामला है। प्लीज हमारे परिवारों और दोस्तों को धमकियां मत दीजिए। मुझे अभी खुद पर काम करना है और अपनी कमियों को सुधारना है। जब मैं पूरी तरह ठीक हो जाऊंगा, तभी वापस लौटूंगा।”
‘बेवफा’ गाना बजाने के बाद शुरू हुआ विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब अविनाश मिश्रा ने हाल ही में अपने पहले डीजे शो में परफॉर्म किया था। उस इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें वह ‘बेवफा’ गाना बजाते दिखे थे। गाना शुरू करने से पहले उन्होंने कहा था, “जब पर्सनल लाइफ में परेशानियां चल रही हों, तो दिमाग में यही गाना आता है।” उनके इस बयान को ईशा सिंह के साथ चल रही अनबन और ब्रेकअप से जोड़कर देखा जाने लगा। मामला तब और बढ़ गया जब ‘बिग बॉस’ के एक्स कंटेस्टेंट और ईशा के भाई रजत दलाल ने अविनाश के खिलाफ नाराजगी जताई और कहा कि वह सबूतों के साथ पूरा सच सामने लाएंगे।
दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को किया अनफॉलो
अविनाश और ईशा के ब्रेकअप की खबरों ने तब जोर पकड़ा जब दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि अपने रिश्ते को ऑफिशियल करने के महज एक हफ्ते के भीतर ही दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया। इस तरह की अफवाहें भी उड़ीं कि अविनाश ने ईशा को धोखा दिया है, हालांकि इन दावों की कोई पुष्टि नहीं हुई है। अब अविनाश के इस बयान के बाद साफ हो गया है कि दोनों की राहें वाकई अलग हो चुकी हैं।
‘बिग बॉस 18’ से शुरू हुई थी लव स्टोरी
अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह की पहली मुलाकात ‘बिग बॉस 18’ के घर में हुई थी। शो के दौरान दर्शकों को उनकी दोस्ती और केमिस्ट्री काफी पसंद आई थी। शो खत्म होने के बाद भी दोनों अक्सर साथ नजर आते थे और उन्होंने कई म्यूजिक वीडियोज में भी साथ काम किया, हालांकि तब वे अपने रिश्ते को सिर्फ दोस्ती ही बताते रहे।
रिश्ते को कब किया था ऑफिशियल?
कुछ ही समय पहले ‘खतरों के खिलाड़ी 18’ की सक्सेस पार्टी का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था, जिसमें अविनाश, ईशा से अपने प्यार का इजहार करते नजर आए थे। इसके बाद ‘पति पत्नी और पंगा’ के दूसरे सीजन में दोनों ने अपने रिश्ते को ऑफिशियल कर दिया था। फैंस उन्हें साथ देखकर बेहद खुश थे, लेकिन रिश्ता पब्लिक करने के कुछ ही दिनों बाद उनके ब्रेकअप की खबरें आने लगीं। अब खुद अविनाश ने इस रिश्ते के खत्म होने की पुष्टि कर दी है।
अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह का हुआ ब्रेकअप, एक्टर ने खुद किया कंफर्म



