Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

भाजपा विधायक के बोल पर भड़की भीम आर्मी, पुतला फूंकने की कोशिश नाकाम

लालबाग पर पुतला छिन जाने के बाद प्रदर्शन करते भीम आर्मी के कार्यकर्ता
लालबाग चौराहा पर बैठे आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी के कार्यकर्ता

सीतापुर, 03 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । कुछ दिनों पूर्व सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी के वायरल हुए एक वीडियो ने जिले की सियासत में हलचल मचा रखी है।वीडियो में भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी द्वारा भीम आर्मी कार्यकर्ताओं को कथित रूप से “नीले कबूतर” कहे जाने के बाद बुधवार को कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन किया।

दोपहर से ही बड़ी संख्या में भीम आर्मी कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क में जुटे और जुलूस की शक्ल में लालबाग की ओर मार्च किया। संगठन के पदाधिकारियों ने विधायक के बयान को संगठन का अपमान और सामाजिक सौहार्द पर चोट करार देते हुए तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग की।

लालबाग चौराहे पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला दहन करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस पहले से ही मुस्तैद थी। सीओ सिटी विनायक भोसले के नेतृत्व में पुलिस बल ने पुतला छीनकर वहां से हटाया। इससे कार्यकर्ता कुछ देर के लिए भड़क गए, लालबाग चौराहे पर थोड़ी देर के लिए जाम लगा दिया। मगर पुलिस ने समझदारी से स्थिति संभाल ली। एलआईयू और पुलिस टीम पुतला लेकर तुरंत चौराहे से बाहर निकल गई ताकि तनाव न बढ़े।

पुतला छिन जाने के बाद भीम आर्मी के सैकड़ो की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओ ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन देकर विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष राकेश राजवंशी और आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष विश्वजीत चौधरी ने बताया कि यदि ज्ञान तिवारी ने बयान वापस लेकर माफी नहीं मांगी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *