Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

बीजापुर नक्सली मुठभेड़ः 4 और माओवादियों के शव मिले, मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 16

सुरक्षा बल के जवान सुरक्षा में रखे गए नक्सलियों के शव के बाहर खड़े हुए

जगदलपुर/रायपुर, 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर इलाके में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच बुधवार को हुई भीषण मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। सुरक्षाबलों को गुरुवार को 4 और माओवादियों के शव मिले। इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस डीआईजी कमलोचन कश्यप ने की है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर इलाके में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ में पहले 12 माओवादियों के मारे जाने की पुष्टि की गई थी लेकिन तलाशी अभियान बढ़ने के बाद अब यह संख्या बढ़कर 16 हो गई है। जानकारों के अनुसार मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है।

इससे पहले बुधवार सुबह से बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर के वेस्ट बस्तर डिवीजन क्षेत्र में डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ सर्चिंग कर रही थी। इसी दौरान नक्सलियों से भीषण मुठभेड़ हुई। कल शाम तक चले इस मुठभेड़ में 12 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी।

इस मुठभेड़ में डीआरजी के 3 जवान बलिदान हुए हैं, जिनमें प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और जवान रमेश सोड़ी शामिल हैं। वहीं दो जवान घायल हुए हैं, दोनों अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

मुठभेड़ स्थल से बरामद हथियारों में एसएलआर, इंसास और 303 राइफलें शामिल हैं। तलाशी अभियान के दौरान मिले सभी शवों को कब्जे में ले लिया गया है। इलाके में अभी भी बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है और अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है।

—–

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *