Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

एसआईआर में निष्क्रिय पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी करेगी भाजपा

बैठक के दौरान कार्यकताओं को संबोधित करते सांसद रमेश अवस्थी

कानपुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान एसआईआर में निष्क्रिय भूमिका निभाने वाले पार्षदों को भाजपा कारण बताओ नोटिस जारी करेगी। दक्षिण जिले में नगर निगम की 46 सीटों में 36 पार्षद भाजपा के है। सोमवार को भाजपा दक्षिण जिले की बैठक में सभी पार्षदों एवं पार्षद प्रत्याशियों को बुलाया गया था। लेकिन सूचना के बाद भी केवल सात पार्षद पहुंचे कुल 36 पार्षदों में 29 पार्षदों के अनुपस्थित रहने पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह को अनुपस्थित सभी पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी एसआईआर में जुट जाएं इस अभियान का असर अगले बीस वर्षों तक रहेगा। एसआईआर एक चुनावी प्रक्रिया मात्र नहीं है यह राजनैतिक भविष्य सुरक्षित रखने का हथियार है। पार्टी कार्यकर्ता 26 दिसम्बर तक प्रत्येक बूथ पर मतदाता सहायता कैंप लगाकर लोगों की एसआईआर फार्म भरवाने में मदद करें। उन्होंने वीरबाल दिवस, अटल जन्म शताब्दी समारोह के बारे में चर्चा की।

सांसद रमेश अवस्थी ने भाजपा जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षदों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एसआईआर अभियान में पूरी तरह से जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूचना के बाद भी बैठकों में न आने वाले पार्षद, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओ को भविष्य में लाभ नहीं दिया जाएगा। संगठनात्मक कार्यों में सक्रियता के आधार पर मेहनती, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओ को ही पार्टी में भविष्य में पद मिलेगा और उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

शिवराम सिंह ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तीन तीन लोगों की टीम बनाकर बूथ के प्रत्येक घर में जाकर शिफ्टेड और अनट्रेसेबल मतदाताओं को ढूंढें और एसआईआर फार्म भरवा कर 26 दिसम्बर तक बीएलओ के पास जमा कराएं। उन्होंने कहा कि दूसरे जिले आने वाले फर्जी मतदाताओं को चिन्हित कर उनके नाम मतदाता सूची से हटवाएं।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *