Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

घर से लापता युगल के शव कायलाना झील में मिले

jodhpur

जोधपुर, 17 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । शहर के खांडा फलसा इलाके से एक किशोरी मंगलवार की सुबह घर से निकली थी। शाम तक पता नहीं चलने पर परिजन ने थाने में किसी को नामजद कर अपहरण की रिपोर्ट दी। युगल की तलाश में पुलिस ने सर्च चलाया। शाम को कायलाना के पास संदिग्ध गाड़ी और बैग मिलने पर झील में सर्च कराया गया। अंधेरा होने पर सर्च को रोक दिया गया। बुधवार सुबह फिर से सर्च अभियान चलाया गया। तब युगल के शव पानी में मिले। राजीव गांधी नगर पुलिस के साथ खांडा फलसा पुलिस भी मौके पर पहुंची। शवों को अग्रिम कार्रवाई के लिए एमजी अस्‍पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। संदेह है कि युगल ने प्रेमप्रसंग के चलते सुसाइड किया है। अग्रिम जांच जारी है।

राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविंद्रपाल सिंह ने बताया कि खांडा फलसा थाना क्षेत्र से एक किशोरी के लापता होने की रिपोर्ट थाने में दी गई थी। किशोरी मंगलवार की सुबह घर से निकली थी। बाद में परिजन को किसी साथ जाने की आशंका होने पर संबंधित थाना खांडा फलसा में इसके अपहरण की रिपोर्ट दी गई। शाम को पता लगा कि कायलाना झील के समीप एक एक्टिवा और एक बैग मिला है। इस पर शाम को मिली सूचना के आधार पर पुलिस चौकी कायलाना झील के कांस्टेबल दिनेश सोडा तथा गोताखोर भरत चौधरी ने तलाश शुरू की। अंधेरा होने पर तलाश रोक दी गई। आज सुबह फिर से झील में तलाशी अभियान चलाया गया। इस पर युगल के शव मिले। बाद में किशोरी के परिजन भी मौके पर आए और पहचान की।

झील के पास में ही जैकेट और मोबाइल पड़ा मिला। गोताखोर दाऊलाल मालवीय के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम के भरत चौधरी, इंदर मीणा, जितेंद्र, भरत मालवीय, अचलाराम, किशन, दिनेश सोडा और नाविक वेलाराम ने मिलकर युगल के शव बाहर निकाले।

थानाधिकारी रविंद्रपाल सिंह ने बताया कि मामला चूंकि खांडाफलसा थाने का होने पर वहां सूचना दी गई। थानाधिकारी बलवंतराम मौके पर पहुंचे और शवों को अस्पताल की मोर्चरी पर भिजवाया। थानाधिकारी बलवंतराम के अनुसार शव मिले है, इस बारे में अग्रिम पड़ताल की जा रही है। किशोरी के अपहरण की रिपोर्ट मंगलवार को हुई थी। किशोरी और लडक़ा दोनों एक ही जाति से है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *