Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

गिट्टी लदे ट्रेलर का ब्रेक फेल, जान बचाने कूदे चालक की मौत, खलासी घायल

ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ा ट्रेलर।

-मीरजापुर–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा

मीरजापुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरजापुर–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान से करीब सौ मीटर पहले गिट्टी लादकर जा रहे एक ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। ट्रेलर अनियंत्रित होते ही चालक और खलासी ने जान बचाने के लिए उससे छलांग लगा दी। इस दौरान चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मध्यप्रदेश के मैहर जिले से गिट्टी लादकर बिहार जा रहा ट्रेलर घाटी से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान बड़का मोड़ के पास ट्रेलर का ब्रेक जवाब दे गया। स्थिति बिगड़ते देख 25 वर्षीय चालक रघुपति राजभर निवासी रउतपारा थाना आलापुर जिला अंबेडकरनगर ने ट्रेलर से छलांग लगा दी। वहीं 30 वर्षीय खलासी विशाल गुप्ता निवासी रामनगर थाना आलापुर जिला अंबेडकरनगर भी कूद पड़ा। अनियंत्रित ट्रेलर सड़क के डिवाइडर पर चढ़कर फंस गया।

हादसे में चालक रघुपति राजभर के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं खलासी विशाल गुप्ता के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंचे एसआई सुभाष यादव व हेड कांस्टेबल नारायण शर्मा ने मौके की जांच कर घायल को अस्पताल भिजवाया। एंबुलेंस से खलासी को सीएचसी लालगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ है। चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *